Monday, May 23, 2011

राजीव गांधी के आभारी हैं फाजिल्का वासी

जागरण संवाददाता, फाजिल्का
 May 20, 06:37 pm

सूचना क्रांति के दूत माने जाने वाले देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सारा देश उन्हें याद कर रहा है। ऐसे में फाजिल्का वासी उनकोयहां के लिए दी गई देन के कारण याद कर रहे हैं।

गौर हो कि स्व. गांधी ने अपने कार्यकाल में पाकिस्तान टीवी के भारत के खिलाफ दुष्प्रचार को रोकने के लिए फाजिल्का में उच्च क्षमता वाला टीवी टावर स्थापित करवाया था। एशिया में दूसरे सबसे बड़े फाजिल्का के 300 मीटर ऊंचे टीवी ट्रासमीटर को भारतीय सीमा पर सुरक्षा की दृष्टि से पाकिस्तानी सीमा से पाक टीवी के भड़काऊ प्रोग्रामों को देखने से रोकने के लिए स्थापित करवाया गया था। स्व. गांधी ने ही फाजिल्का में उच्च शक्ति टीवी टावर लगवाकर यहा से प्रोग्राम पेश करने के आदेश दिए थे। आज श्री गांधी की मृत्यु के 20 साल बाद भी करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी यह टीवी टावर पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया। इसकी अनेक कीमती मशीनें बेकार पड़ी है।

उल्लेखनीय है कि फाजिल्का निवासी लीलाधर शर्मा, बोदीवाला के साहिब राम, पत्रकार धर्मलूना, अबोहर के पूर्व विधायक मास्टर तेग राम व पूर्व मंत्री प्रो. शेर सिंह तब प्रधान मंत्री राजीव गाधी से मिले थे। इस दौरान उनसे क्षेत्र में पाकिस्तान टीवी की रेंज ज्यादा आने की बात कही थी। इसलिए फाजिल्का में उच्च शक्ति टीवी टावर लगाकर पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहिए। राजीव गाधी ने भी फाजिल्का नगर में 300 मीटर ऊंचा टीवी रिले टावर लगवाना शुरू कर दिया था। आज इस टीवी टावर ने पाकिस्तान टीवी के भड़काऊ कार्यक्रम तो यहां बंद कर दिए हैं, लेकिन करोड़ों रुपये से तैयार यहां के दूरदर्शन केंद्र से कोई प्रोग्राम तैयार कर रिले नहीं किया जाता है। आज अगर राजीव गांधी होते तो दूरदर्शन केंद्र से प्रोग्राम रिले करने का सपना पूरा हो जाता।

No comments: