Sunday, April 8, 2012

कलाकारों ने बिखेरे कला के रंग

Dainik Bhaskar, 8th April 2012

फाजिल्का विरासत महोत्सव की दूसरी नाइट जिला फाजिल्का को समर्पित रही। वन एवं श्रम मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कौंसिल अध्यक्ष अनिल कुमार सेठी ने की। इस अवसर पर नीलाम घर का आयोजन कर फाजिल्का के इतिहास से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम की शुरूआत में कृष्ण शांत ने जहां सितार वादन किया वहीं दि सोल ऑफ फाजिल्का इबादत बैंड ने सुरीली आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं अक्स अबोहर की ओर से नशे की बुराई पर आधारित नाटक से नशा छोडऩे की शिक्षा दी गई। इसके बाद दोस्त ग्रुप की ओर से आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं और धरती देश पंजाब दी पर डांस कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। फ्रैंड्स क्लब की ओर से कोरियोग्राफी की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में बाबा पोखर दास सभ्याचारक ग्रुप की ओर से कुलवंत सिंह के नेतृत्व में झूमर पेश की गई। इस बीच पद्म भूषण अवार्डी पुष्पा हंस और 1971 के भारत पाक युद्ध में अहम भूमिका निभाने पर पद्म भूषण अवार्ड प्राप्त सुरिन्द्र सिंह बेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 
जिले के नायक सम्मानित 
फाजिल्का को जिला बनाने की मांग को लेकर धरना, हड़ताल और मरणव्रत रखा गया। क्षेत्रवासियों के अलावा मंत्री ज्याणी ने नायक की भूमिका निभाई और मरणव्रत पर बैठे। इसके चलते सुरजीत ज्याणी के अलावा सांझा मोर्चा के अध्यक्ष एडवोकेट सुशील गुंबर, कामरेड शक्ति आदि को सम्मानित किया गया। 
छह युवाओं को मिलेगा यूथ आइकॉन

गवफ की ओर से रविवार की नाइट युवाओं को समर्पित होगी। इस दौरान क्षेत्र के 6 युवाओं को यूथ आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। 40 साल के इतिहास में पहली बार मजिस्ट्रेट बने फाजिल्का के पंकज वर्मा, जो इस समय चंडीगढ़ के ज्युडिशियल एकेडमी में ट्रेनिंग कर रहे हैं और उनकी पहली पोस्टिंग बरनाला में हुई है, को सम्मानित किया जाएगा। रेडियोलोजिस्ट व सिंगर डॉ. विवेक करीर, इबादत बैंड के संचालक हर्ष कुमार डिम्पू, अवाजे पंजाब गुरनाम भुल्लर, वायस ऑफ पंजाब प्रदीप सरां, 2011 में सेमसंग इम्प्लाइज ऑफ दि ईयर अवार्ड हासिल कर चुके नितिन सेतिया, एग्रीकल्चर साइंटिस्ट डॉ. अशोक धवन को यूथ आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

No comments: