Sunday, December 16, 2012

66 साल बाद फाजिल्का का इंतजार खत्म

अमृत सचदेवा, फाजिल्का

आजादी के बाद से फ्लोराइड युक्त पानी का संताप झेल रहे फाजिल्का के लिए रविवार को जैसे ही उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और वनमंत्री सुरजीत ज्याणी ने गंग कैनाल से विशेष पाइपलाइन के जरिये पानी छोड़ा वैसे ही फाजिल्का के लिए नहरी पानी मिलने का सपना 65 साल बाद साकार हो गया।

फाजिल्का स्टेडियम में आज अंतरराष्ट्रीय कबड्डी मैच से ठीक पहले उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने खुईखेड़ा में गंग कैनाल के समीप स्थित नहरी पानी प्रोजेक्ट का लिवर घुमा फाजिल्का को 12 महीने नहरी पानी मिलने के प्रोजेक्ट की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके इस प्रोजेक्ट का सपना सबसे पहले फाजिल्का वासियों को दिखाने वाले फाजिल्का के विधायक व प्रदेश के वनमंत्री सुरजीत ज्याणी विशेष तौर पर उनके साथ थे। करीब 12 करोड़ की लागत से बने इस प्रोजेक्ट के तहत गंग कैनाल से लेकर फाजिल्का की नहरी पानी परियोजना के लिए 14 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे फाजिल्का को रोजाना पांच क्यूसिक नहरी पानी उपलब्ध होगा।

गौरतलब है कि फाजिल्का के पानी में पाए जाने वाले फ्लोराइड की वजह से यहां के बाशिंदों को दांतों व घुटनों की कई बीमारियां का सामना करना पड़ता था। 1997 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ते समय वनमंत्री ज्याणी ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि वे फाजिल्का को नहरी पानी उपलब्ध करवाएंगे, तब फाजिल्का को सिर्फ छहमासी नहर से पानी सप्लाई होता था। 12 महीने पानी सप्लाई करवाना एक मुश्किल ही नहीं असंभव कार्य भी माना जाता था। लेकिन वनमंत्री के प्रयासों से राजस्थान ने इतिहास में पहली बार गंग कैनाल राजस्थान ने पाइप लगाकर फाजिल्का को पानी लेने की स्वीकृति दे दी।

--------------------

फाजिल्का के विकास में कोई कसर नहीं रहने देंगे : सुखबीर

जागरण संवाददाता, फाजिल्का

राज्य के नए जिले फाजिल्का के विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं रहने दी जाएगी। यह उद्गार राज्य के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने फाजिल्का में गंग कैनाल से पाइपलाइन के जरिये पानी देने के प्रोजेक्ट की रविवार को शुरुआत मौके पत्रकारों के साथ बातचीत में किया।

उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि फाजिल्का के लिए वे जल्द ही कई और योजनाएं स्वीकृत करने वाले हैं इसके लिए ज्याणी लगातार फिर दबाव डाल रहे हैं। ये प्रोजेक्ट क्या होगा, इसका खुलासा इस विधानसभा सत्र के बाद किया जाएगा। जलालाबाद के अस्पताल में डाक्टरों की कमी को लेकर चल रहे धरने के बारे में पूछने पर जूनियर बादल ने कहा कि यह उनके नोटिस में है व शीघ्र ही डाक्टरों की कमी दूर कर दी जाएगी।

No comments: